फोकस भारत,जयपुर। राजस्थान में कोर्ट के आदेश के बाद अब नगर निगम चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। इसे लेकर अब प्रत्याशियों की चर्चाओं के साथ ही इस बात की चर्चाएं भी तेज हो गई है कि आखिर इस बार नगर निगम की नई महापौर कौन होगी ? एक तरफ जहां पार्टियां पार्षदों को लेकर रणनीति बनाने में जुटी हुई हैं उसी बीच अब कवायद इसे लेकर भी है कि जयपुर,जोधपुर और कोटा में नए महापौर कौन होंगे। इस बार महापौर का चुनाव प्रत्यक्ष तौर पर नहीं हो कर अप्रत्यक्ष तरीके से ही होगा यानि की जीते हुए पार्षद ही अपने चेरयमैन को चुनेंगे। राजधानी जयपुर में पहली बार दो निगम बनाए गए हैं इस लिहाज से दोनों जगहों पर महापौर के लिए लिए अभी से लॉबिंग तेज हो गई है। महिला नेताओं के पति संगठन के पदाधिकारियों से मिलने पहुंच रहे हैं और अपनी अपनी पत्नियों को महापौर बनाने के लिए जी तोड़ मेहनत में लग गए हैं। जयपुर हैरिटेज और जयपुर ग्रेटर नगर निगम के लिए महापौर पद इस बार ओबीसी महिला के लिए रिजर्व है। ऐसे में राजधानी जयपुर के दोनों निगम के लिए कई महिलाओं के नाम हैं ।
Rajasthan Nagar Nigam Election 2020: कुल 560 वार्डों में इस बार दो फेज में वोटिंग होगी, यानि 29 अक्टूबर और 1 नवंबर को मतदान होगा, 3 नवंबर को नतीजे घोषित होंगे,10 नवंबर को महापौर का चुनाव होगा तो वहीं 11 नवंबर को उपमहापौर को चुनाव करवाया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से राजस्थान में 6 नए गठित किए गए नगर निगम जिनमें जयपुर(जयपुर हैरिटेज और जयपुर ग्रेटर नगर निगम ),जोधपुर(जोधपुर उत्तर और जोधपुर दक्षिण नगर निगम),कोटा (कोटा उत्तर और कोटा दक्षिण नगर निगम) के सभी 560 वार्डों में मतदान करवाने की घोषणा की गई है। सभी निगमों में पार्षदों के लिए दो चरण में वोटिंग की तारीख 29 अक्टूबर और 1 नवंबर तय की गई है। जिसके ऐलान के साथ ही जयपुर,जोधपुर और कोटा में आचार संहिता लागू हो गई है। इन तीनों जिलों में किसी भी तरह के तबादलों पर रोक होगी साथ ही नए सरकारी काम की घोषणा, शिलान्यास या उद्घाटन पर भी रोक रहेगी। मंत्री सरकारी गाड़ी से प्रचार में नहीं जा सकेंगे।
निगम चुनावों का कार्यक्रम –
- 14 अक्टूबर को लोक सूचना जारी,नामांकन की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर
- 6 नगर निगम के 35 लाख से ज्यादा मतदाता डाल सकेंगे वोट
- सभी नगर निगम में EVM होगा मतदान
- 20 अक्टूबर को नामांकन की समीक्षा,22 अक्टूबर तक नाम वापिस ले सकेंगे
- चुनाव चिन्हों का आंवटन 23 अक्टूबर को होगा
- 29 अक्टूबर और 1 नवंबर को मतदान सुबह 7:30 से शाम 5:30 बजे तक होगा
- 4 नवंबर को महापौर के लिए लोक सूचना जारी होगी
- 5 नवंबर को महापौर के लिए नामांकन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि है
- 6 नवंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा और 7 नवंबर को नाम वापस लिए जा सकेंगे
- 10 नवंबर को महापौर के लिए सुबर 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा