अब मोबाइल ऐप से भी जनता तक पहुंचेंगे डॉ.सतीश पुनियां

फोकस भारत,जयपुर 11 अक्टूबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां ने आमजन और कार्यकर्ताओं से सीधा 24 घंटे जुड़ने के लिए अभिनव  प्रयोग करते हुए मोबाइल ऐप की शुरूआत की है।  इस ऐप के माध्यम से डाॅ. पूनियां से सम्बन्धित कार्यक्रमों के बारे में जानकारी एवं आमेर विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी मिल सकेगी। मोबाइल ऐप के माध्यम से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पुनियां अपने कार्यकर्ताओं और आमजन से सीधे जुड़ पाएंगे। साथ ही जनता के सुझाव और विकास कार्यों को लेकर तमाम बातें पुनियां तक पहुंच पाएगी।

ऐप सेवा प्लेटफाॅर्म पर आमजन एवं कार्यकर्ता सवाल, सुझाव या विचार रखकर अपनी बात को डाॅ. सतीश पूनियां तक पहुँचा सकेंगे, साथ ही सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी भी ऐप पर मिल सकेगी। इस ऐप में भाजपा, राजस्थान भाजपा, नमो ऐप, आरोग्य सेतु ऐप, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह से सम्बन्धित जानकारी के लिए हाइपरलिंक्स भी शामिल किये गये हैं। सम्पर्क, संवाद, पार्टी एवं डाॅ. पूनियां से सम्बन्धित कार्यक्रमों की जानकारी के लिए इस ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। इस ऐप में विभिन्न उपयोगी फीचर शामिल किये गये हैं।

उल्लेखनीय है कि डाॅ. पूनियां अगस्त महीने में एक प्रतिष्ठित मैगजीन की सर्वे रिपोर्ट में देश के 50 टाॅप विधायकों में चुने गये और सबसे असरदार श्रेणी के विधायक के तौर पर भी डाॅ. पूनियां को चुना गया।