- राष्ट्रपति पर संजय सिंह का विवादित बयान
- राम मंदिर भूमि पूजन को लेकर की टिप्पणी, केस दर्ज
फोकस भारत। दिल्ली की पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना में आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह पर भड़काऊ और विवादित बयानबाजी को लेकर केस दर्ज किया गया है। संजय सिंह ने अयोध्या में शिलान्यास कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को नहीं बुलाए जाने को लेकर तल्ख टिप्पणी की थी।

ऐसा क्या भड़काऊ कह दिया संजय सिंह ने ?
संजय सिंह ने पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे, भाजपा के दलित विरोधी होने के एक सवाल के जवाब में उन्होंने तीखी बात कह दी, उन्होंने कहा कि राम मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम में राष्ट्रपति को नहीं बुलाया गया जबकि राष्ट्रपति के चुनाव के वक्त भाजपा ने खूब प्रचार किय़ा था कि हमने दलित को राष्ट्रपति बनाया है, संजय सिंह ने कहा कि राष्ट्रपति के अलावा कल्याण सिंह, उमा भारती और केशव प्रसाद मौर्य को भी दलित होने के कारण नहीं बुलाया गया।

संजय ने इसके अलावा कहा कि 2018 के आंकड़ों के मुताबिक दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार भाजपा शासित राज्यों में हुए हैं। हनुमानगढ़ी में दलित परिवार को पहला प्रसाद दिए जाने के सवाल पर संजय सिंह ने कहा कि यह दिखावा है, दलित को प्रसाद दे सकते हैं लेकिन पूजा में शामिल नहीं कर सकते।

थाने में रिपोर्ट दर्ज
संजय सिंह के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, कहा गया है कि संजय सिंह ने दलितों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया है। क्योंकि भूमि पूजन कार्यक्रम में केशव प्रसाद मौर्य को बुलाया गया था और वे उपस्थित भी थे।
केस दर्ज होने के बाद भी संजय सिंह के तेवर वही रहे, उन्होंने कहा कि बीजेपी मेरे ख़िलाफ़ 1000 मुक़दमें लिखा ले, लेकिन दलितों को न्याय दिलाने के लिए मैं लड़ता रहूँगा, बाबा साहेब ने 1930 में दलितों के मंदिर प्रवेश के लिये संघर्ष किया था, लेकिन आज भी BJP की मानसिकता नही बदली, उन्होंने फिर दोहराया कि राष्ट्रपति को भूमिपूजन में क्यों नही बुलाया गया।
रिपोर्ट- आशीष मिश्रा