अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी भाजपा

फोकस भारत। राजस्थान में विधानसभा सत्र 14 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने जयपुर स्थित पार्टी कार्यालय पर विधायक दल की बैठक बुलाई जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और केंद्रीय कैबिनेट मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर शामिल हुए। बैठक में गहलोत सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने का फैसला किया गया।

बैठक में पार्टी के 71 विधायकों ने हिस्सा लिया। विधायक सिद्धी कुमारी को छोड़कर सभी विधायक इस बैठक में शामिल हुए। बैठक में विधानसभा सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति तय करने पर विचार किया गया। जिसमें कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की बात तय हुई। साथ ही विधायकों ने भी अपनी अपनी बातें रखीं। केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने पीएम के शिक्षा सुधारों को लेकर बात रखी और नई शिक्षा नीति के प्रचार-प्रसार में तेजी लाने की बात कही।

 

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा-

मोदी सरकार अच्छा काम कर रही है। किसानों के हित में फैसले लिए जा रहे हैं। 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने की दिशा में काम किया जा रहा है। विधायक दल की बैठक में अच्छे माहौल में विधायकों ने अपनी बातें रखी हैं। राजस्थान सरकार विग्रह का शिकार है। अपने ही विधायकों के खिलाफ एसओजी और एसीबी में मामले दर्ज करवाए गए हैं। सरकार में भारी विरोधाभास है। हो सकता है सरकार खुद ही विश्वास प्रस्ताव लाए लेकिन हम अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए पूरी तरह तैयार है। बीजेपी में सब ठीक है, चिंता करने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस की लड़ाई से बीजेपी को कोई लेना देना नहीं है।

पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने कहा –

डेढ़ साल में गहलोत सरकार ने जनता के काम नहीं किये। गहलोत सरकार ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की अहम योजनाओं के नाम बदलने का ही काम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेहतर काम कर रहे हैं। राममंदिर शिलान्यास के लिए देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं। मीडिया में मेरे लिए गलत तथ्य प्रचारित किए गए। राजमाता ने मुझे सिखाया था कि वह जिस पार्टी से जुड़ी हुई हैं, वह देश हित को सर्वोपरि मानती है।

नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने कहा-

हो सकता है सरकार खुद विश्वास मत प्रस्ताव लेकर आए, लेकिन हम सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आएंगे। कांग्रेस घर के झगड़े की तोहमत हमारे ऊपर डाल रही है, 32 दिन तक राजस्थान की जनता ने परेशानी झेली है. सदन में इस बात को जोर से उठाना होगा। सदन में सभी विधायकों सौ फीसदी उपस्थित हों, सदन में सभी विधायकों को सोच समझकर अपनी बात रखें।

भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और राष्ट्रीय महामंत्री मुरलीधर राव शामिल रहे। इसके अलावा प्रदेश संगठन के सभी पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी सतीश, प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया, प्रतिपक्ष उपनेता राजेंद्र सिंह राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, आरएलपी के प्रदेश अध्यक्ष पुखराज गर्ग बैठक में उपस्थित रहे।

रिपोर्ट –आशीष मिश्रा