भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया निकालेंगे ‘वागड़ जनजाति गौरव पदयात्रा’

Rajasthan News- भाजपा प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रेस वार्ता को संबोधित कर कहा कि देश की पहली महिला आदिवासी  द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति बनना हम सभी प्रदेशवासियों और देशवासियों के लिए गौरव की बात है। इसी उपलक्ष्य में वागड़ अंचल में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां(satish poonia) 24 और 25 जुलाई को जनजाति समाज द्वारा आयोजित की जा रही वागड़ जनजाति गौरव पदयात्रा (Vagad Tribal Gaurav Padyatra by BJP) में शामिल होंगे, जिसमें वह जनजाति समाज के लोगों के साथ लगभग 41 किलोमीटर पैदल चलकर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति निर्वाचित होने और उनकी ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष  जेपी नड्डा का आभार एवं अभिनंदन व्यक्त करेंगे।

सतीश पूनियां बांसवाड़ा में 24 जुलाई को सुबह 8ः00 बजे मां त्रिपुरा सुंदरी जी के दर्शन कर वागड़ जनजाति गौरव पदयात्रा में शामिल होंगे और 25 जुलाई को दोपहर 12ः00 बजे इस पदयात्रा का बेणेश्वर धाम जी (डूँगरपुर) पर समापन होगा, जहां जनजाति समाज के लोगों के साथ एलईडी स्क्रीन पर डॉ. सतीश पूनियां  द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति पद शपथ ग्रहण समारोह को देखेंगे। दो दिवसीय वागड़ जनजाति गौरव पदयात्रा के दौरान डॉ. पूनियां जनजाति समाज के लोगों के साथ संवाद करेंगे, केंद्र की  नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा जनजाति समाज के लिए चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाओं को लेकर चर्चा करेंगे। इस दौरान जनजाति समाज द्वारा आदिवासी संस्कृति, ढोल नगाडों के साथ विभिन्न स्थानों पर स्वागत एवं अभिनंदन के कार्यक्रम रखे गए हैं।

शर्मा ने बताया कि, डॉ. सतीश पूनियां की आदिवासी अंचल में यह पदयात्रा 2023 में भाजपा के लिए मील का पत्थर साबित होगी और प्रचंड बहुमत के साथ 2023 में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि, डॉ. पूनियां इस पदयात्रा में  नरेन्द्र मोदी सरकार की 8 साल की जन-कल्याणकारी योजनाओं और विशेषकर आदिवासियों के लिए चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनजाति समाज के लोगों के साथ विशेष तौर पर चर्चा करेंगे। शर्मा ने कहा कि, 1998 में डॉ. सतीश पूनियां ने युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष के तौर पर 550 किलोमीटर की पदयात्रा महान वीर योद्धा पृथ्वीराज चौहान की नगरी अजमेर के तारागढ़ से महान वीर योद्धा महाराजा सूरजमल की धरती लोहागढ़ तक निकाली थी, इस दौरान वह पोकरण की मिट्टी लेकर 34 विधानसभा क्षेत्रों और 9 लोकसभा क्षेत्रों की जनता व कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए तारागढ़ से लोहागढ़ पहुंचे थे।