चीन में फैली नई बीमारी, हजारों लोग हुए बीमार, जानिए क्या हैं लक्षण

 फोकस भारत। चीन के वुहान से निकले कोरोना वायरस से पूरी दुनिया लड़ रही है वहीं अब  चीन में एक और नई संक्रामक बीमारी ने पांव फैलाने शुरू कर दिए हैं। उत्तरपूर्व चीन में नई बीमारी बैक्टीरियल इंफेक्शन (ब्रूसेलोसिस नामक बीमारी) से 3 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ब्रूसेलोसिस बीमारी वैक्सीन बनाने वाले सरकारी बायोफार्मासूटिकल प्लांट में लीक होने के बाद फैली है। गांसु प्रांत की राजधानी लान्चो के स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि करीब 30 लाख लोगों की आबादी वाले लांझू में 3,245 लोगों में ब्रूसेलोसिस (Brucellosis) बीमारी के लक्षण पाए गए हैं।

ब्रूसेलोसिस बीमारी के क्या है लक्षण

स्वास्थ्य आयोग के अनुसार यह बीमारी पशुओं के संपर्क में आने के कारण होती है। माल्टा या मेडिटरेनियन फीवर कही जाने वाली यह बीमारी इन्फेक्शन का शिकार हुए जानवरों या जानवरों के उत्पाद के इस्तेमाल से हो सकती है। इसमें मरीज को सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द बुखार और थकान जैसे कई लक्षण दिखाई देते हैं। बैक्टीरिया के फैलने में भेड़, मवेशी और सुअर मदद करते हैं, हालांकि, अभी तक इस इन्फेक्शन से किसी की मौत नहीं हुई है और लगभग 22,000 लोगों की स्क्रीनिंग के बाद 1,401 लोगों में इस बीमारी का संक्रमण पाया गया है, जिनके टेस्ट पॉजिटिव आए हैं। चीनी स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि यह इन्फेक्शन इंसानों से इंसानों में नहीं फैल रहा है।