भाजपा दशकों तक भारतीय राजनीति में बड़ी ताकत बनी रहेगी, भ्रम में हैं राहुल गांधी: प्रशांत किशोर

Focus Bharat : गोवा यात्रा के दौरान राजनीतिक रणनीतिकार और चाणक्य प्रशांत किशोर(Prashant Kishor) ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आने वाले दशकों तक भारतीय राजनीति में एक बड़ी ताकत बनी रहेगी।  प्रशांत किशोर ने कहा, ‘जैसे कांग्रेस पहले 40 वर्षों तक भारतीय राजनीति के केंद्र में थी, उसी तरह BJP भी, चाहे हारे या जीते, राजनीति के केंद्र में रहेगी। BJP कहीं नहीं जाने वाली। एक बार जब आप राष्ट्रीय स्तर पर 30% वोट हासिल कर लेते हैं तो इतनी जल्दी राजनीतिक तस्वीर से नहीं हटते।’

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गोवा के म्यूजियम में बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा, ‘इस झांसे में कभी मत पड़ना कि लोग नाराज हो रहे हैं और वे मोदी (Narendra Modi)को बाहर कर देंगे। शायद वे मोदी को बाहर कर देंगे, लेकिन BJP कहीं जाने वाली नहीं है। आपको अगले कई दशकों तक बीजेपी से लड़ना होगा।’ किशोर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर कहा कि वह शायद इस भ्रम में हैं कि मोदी के सत्ता में रहने तक ही BJP मजबूत है। किशोर ने कहा, ‘यही समस्या राहुल गांधी(Rahul Gandhi) के साथ है। शायद, उन्हें लगता है कि यह बस समय की बात है जब लोग उन्हें (नरेंद्र मोदी) सत्ता से बाहर कर देंगे।’  ‘जब तक आप उनकी (मोदी की) ताकत को नहीं समझेंगे आप उन्हें हरा नहीं पाएंगे। मैं जो समस्या देखता हूं वह यह है कि ज्यादातर लोग उनकी ताकत को समझने के लिए अपना समय स्पेंड नहीं कर रहे हैं। यह समझना होगा कि उनकी लोकप्रियता का क्या कारण है। अगर आप इस बात को समझ लेंगे, तभी आप उन्हें हराने के लिए काउंटर ढूंढ सकते हैं।