विवादित बयान के लिए फेमस मंत्रीजी: एक बार फिर सुर्खियों में अशोक गहलोत सरकार के शिक्षा मंत्री के बोल

फोकस भारत। Education Minister Govind Singh Dotasara statement – राजस्थान के शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा का एक बयान इन दिनों अचानक से सुर्खियों में है। उन्होंने एक कार्यक्रम में बयान दिया कि जिस स्कूल में महिला शिक्षक अधिक होती हैं वहां, झगड़े भी ज्यादा होते हैं।  अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर गोविंद सिंह डोटासरा शिक्षकों को संबोधित कर रहे थे कि  सरकार ने हर जगह महिलाओं को प्राथमिकता दी हुई है और महिलाएं थोड़े और प्रयास से बहुत आगे आ सकती हैं। डोटासार ने कहा, ‘हमारे पास कई लोग आते हैं, कहते हैं कि शहर के पास हमारी ड्यूटी लगा दीजिए। हम लोगों से कहते हैं जगह नहीं है। फिर वे लोग कहते हैं कि जगह कैसे होगी सारी महिला शिक्षकों को शहर के नजदीक लगा दिया गया है।  शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि महिलाओं के लिए सरकार ने कई नई नीति बनाई है। सिलेक्शन, प्रमोशन में महिलाओं को प्राथमिकता दी है।  कई लोगों को यह अच्छा नहीं लगता। वे पूछते हैं कि क्या हम लोग अच्छा नहीं पढ़ाते हैं? , लेकिन एक बात मैं आप लोगों से कहना चाहूंगा। आप (महिला टीचर्स) लोगों के आपस में झगड़े लड़ाई भी बहुत होते हैं, जिस स्कूल में महिला स्टाफ ज्यादा हो जाए वहां वारे न्यारे हो जाएंगे।

 

दरअसल हाल ही में पीसीसी चीफ और शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने एक कार्यक्रम में मजाकिया अंदाज में जो बयान दे डाला। वो सुर्खियों में बना हुआ है।   अब विपक्ष भी इस बयान पर घेरने की तैयारी में है। सीकर सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने शिक्षा मंत्री के इस बयान को उनकी ओछी मानसिकता बताया है। सीकर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने कहा कि हमारे सबके घर में महिला होती है। इसका मतलब तो यह हुआ कि हर घर में झगड़ा होना चाहिए। सांसद ने कहा कि महिलाओं पर ऐसा बयान उनकी ओछी मानसिकता को दर्शाता है। सांसद ने कहा कि हमारे यहां तो कहा गया है कि यत्र नार्यस्तु पूज्यंते तत्र रमंते देवता, महिलाओं का हमारे यहां बहुत बड़ा महत्व है। महिला मन से पुरुषों की अपेक्षा ज्यादा विनम्र होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री का महिलाओं पर ऐसा बयान निंदनीय है। सांसद ने कहा कि पिपराली गांव में सरकारी और कन्या स्कूल है। जहां काफी संख्या में महिला टीचर भी है। वहां तो आज तक कभी लड़ाई नहीं हुई है।