Rajasthan: भाजयुमो भारत-पाक बॉर्डर एरिया में करेगा ‘वंदे सरहद’ प्रोग्राम

Rajasthan Assembly Election 2023- भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के निर्देश पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता राजस्थान से लगने वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप 75 स्थानों पर ये कार्यक्रम आयोजित करेंगे। 25 मई को जैसलमेर के घंटियाली मंदिर से कार्यक्रम की शुरुआत बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी(C P Joshi) और भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष(BJYM Rajasthan )हिमांशु शर्मा करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस कार्यक्रम के निमित्त भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा 3 दिवसीय जोधपुर संभाग के प्रवास पर हैं।

भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा (Himanshu Sharma)ने बताया कि देश के सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता है। सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासी प्रहरी के रूप में हमारी सुरक्षा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए पूर्व में भी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व मोर्चा कार्यकर्ताओं ने सीमावर्ती क्षेत्रों में ‘बॉर्डर विलेज कार्यक्रम’ आयोजित किया था। जिसमें कार्यकर्ताओं ने सीमावर्ती क्षेत्रों में रात्रि प्रवास कर केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार किया था। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा ने बताया कि राजस्थान में 1 हजार 70 कि.मी. की अंतरराष्ट्रीय सीमा है, जो प्रदेश के 4 जिलों से लगी हुई है। प्रदेश की 10 विधानसभाएं अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित है।  युवा मोर्चा इन 4 जिलों के कुल 75 स्थानों पर वंदे मातरम गायन और प्रधानमंत्री के पंच प्रण का संकल्प कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस कार्यक्रम को ‘वंदे सरहद  नाम दिया गया है। शर्मा ने बताया कि 25 मई को इस कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी करेंगे।