रिया चक्रवर्ती : बॉलीवुड करियर कुछ नहीं, वकील 10 लाख रोजाना वाला

  • रिया चक्रवर्ती पर है सुशांत के पिता को शक
  • 15 करोड़ के लेन-देन पर अटकी सुई
  • रिया ने हायर किया सतीशमाने शिंदे को
  • महंगे वकीलों में गिने जाते हैं शिंदे 

फोकस भारत। रिया चक्रवर्ती का नाम इन दिनों आप बार बार सुन रहे होंगे। जी हां, ये वही रिया हैं जिनके बॉय फ्रेंड और फिल्म एक्टर सुशांत राजपूत ने कुछ समय पहले आत्महत्या कर ली है। रिया ने कुछ दिन पहले ही सीबीआई से इस मामले की जांच की बात की थी, लेकिन अब सुशांत के पिता ने रिया के खिलाफ ही पटना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और रिया पर सुशांत की मौत का कारण होने का शक जताया है। इसके लिए पटना पुलिस मुंबई भी पहुंच गई। हालांकि महाराष्ट्र के गृहमंत्री ने साफ कहा कि मामले की जांच सीबीआई से नहीं कराएंगे।

अब तक इस मामले में बॉलीवुड में कितनी उथल-पुथल मची वह आप जानते ही होंगे। नेपोटिज्म की बात भी उठी और तमाम तरह के कयास भी लगाए गए। लेकिन शक की सुई रिया की तरफ घूमना थोड़ी दिक्कत पैदा करता है। रिया तो वो लड़की थी जिसके साथ सुशांत जिंदगी भर जीना चाहते थे। साल भर पहले ही तो दोनों का प्यार परवान चढ़ा था। इतना करीबी रिश्ता हो गया था कि सुशांत रिया को अपने साथ रखने लगे थे। दोनों लिव-इन में रहे। फिर ऐसा क्या हुआ कि रिया पर ही सुशांत की आत्महत्या का दोष मंढा जा रहा है।

तो पहले जानते हैं कि रिया है कौन ?

रिया का ताल्लुक बंगाली परिवार से है। बैंगलुरू में 1 जुलाई 1992 को जन्मी रिया का फैमिली बैकग्राउंड आर्मी से है। इसलिए अंबाला कैंट के आर्मी स्कूल से उनकी शिक्षा-दीक्षा हुई। बैकग्राउंड अच्छा था इसलिए करियर की खास चिंता नहीं थी। शौकिया तौर पर एमटीवी इंडिया के एक प्रोग्राम में वे फर्स्ट रनर अप रहीं, ये साल था 2009 और एमटीवी के रियलिटी शो टीवीएस स्कूटी टीन डीवा में वीजे के तौर उन्होंने एक तरह से करियर की शुरूआत की।

रिजेक्शन और छोटे-मोटे रोल

एमटीवी पर शो मिलने के बाद रिया ने पोर्टफोलियो तैयार कराया और फिल्मों में एंट्री की कोशिश की। बैंड बाजा बारात के लिए ऑडिशन भी दिया लेकिन रिजेक्ट हुईं। हालांकि इंडस्ट्री में छोटा-मोटा काम उन्हें मिलता रहा, इस फेहरिस्त में आयुष्मान खुराना के साथ म्यूजिक एलबल ओए हीरिये में वे नजर आ सकी। मुंबई में जब उन्हें काम नहीं मिला तो उन्होंने साउथ का ऑफर स्वीकार कर लिया। तेलुगु फिल्म ‘ट्यूनीगा-ट्यूनीगा’ के साथ उनके फिल्मी करियर की शुरूआत हुई। इस फिल्म के बाद 2013 में बॉलीवुड में ‘मेरे डैड की मारुति’ फिल्म वे दिखाईं तो दी लेकिन फिल्म की कोई चर्चा नहीं हुई। 2014 में फिल्म ‘सोनाली केबल’ की सोनाली रिया ही थीं, लेकिन फिल्म से उन्हें कोई बड़ी पहचान नहीं मिल सकी। 2017 में बैंक चोर में भी रिया थीं लेकिन फिल्म किसी मुकाम पर नहीं पहुंची। हां, ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ फिल्म सराही गई लेकिन आलिया और अर्जुन के अलावा किसी ने रिया पर ध्यान नहीं दिया।  तो कुल मिलाकर रिया चक्रवर्ती का बॉलीवुड में कोई बड़ा सहारा नहीं था, जिसके दम पर वे फिल्म लाईन में आगे बढ़ पातीं।

सुशांत के पिता को क्यों है रिया पर शक

सवाल गंभीर है, लेकिन है। सुशांत के पिता केके सिंह ने मंगलवार को रिया के खिलाफ पटना में केस दर्ज करा दिया। सीधा आरोप लगाया कि मामला पैसे की निकासी का है और रिया की वजह से ही सुशांत ने आत्महत्या की है। पटना पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। रिया ने भी वकील किया और सुप्रीम कोर्ट में अर्जी लगाई कि मामले को पटना से मुंबई शिफ्ट किया जाए। हालांकि एक क्लू ये मिला है कि रिया के साथ सुशांत ने कोई कंपनी बनाई थी, इस कंपनी में लगभग 15 करोड रुपए ट्रांसफर किया गया था, बड़ी बात ये है कि रिया के भाई को इस कंपनी का डायरेक्टर बनाया गया था। केके सिंह का मानना है कि यही लेन-देन रिया पर शक पैदा करने के लिए काफी है। केके सिंह ने रिया पर धोखाधड़ी, परिवार से दूर करने, डिप्रेशन में लाने, डिप्रेशन का गलत इलाज कराने, पैसे एंठने और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे आरोप लगाकर संगीन धाराओं में केस दर्ज कराया है।

महेश भट्ट के साथ फोटो वायरल हुईं तो बढ़ा शक

रिया की महेश भट्ट के साथ भी कुछ ऐसी तस्वीरें और मैसेज वायरल हुई जिसके कारण उन पर शक गया। लेकिन महेश भट्ट को जो लोग जानते हैं, वो कहते हैं महेश शौकीन किस्म का आदमी है और लड़कियों के साथ इस तरह खुला व्यवहार करना उसकी लाइफ का हिस्सा रहा है। साथ ही इन तस्वीरों को देखकर ये नहीं कहा जा सकता कि दोनों में किसी गलत तरह का कनेक्शन रहा होगा। रिया को भी बॉलीवुड में स्थापित होने के लिए एक सहारे की जरूरत थी, फिर महेश भट्ट जैसे व्यक्ति से नजदीकियों का फायदा भी मिलता है। मामला चूंकी एक अभिनेता की मौत से जुड़ा है इसलिए इन तस्वीरों का रोल भी अहम हो जाता है, जबकि सुशांत रिया से प्यार करते थे।

रिया के पास महंगे वकील का पैसा कहां से आया ?

पटना से मुंबई केस ट्रांसफर कराने के लिए रिया के पास इतना पैसा कहां से आया कि वे सतीश माने शिंदे जैसे महंगे वकील को हायर कर सकें। शिंदे ने सलमान खान और संजय दत्त का केस हैंडल किया था और बहुत महंगे वकील माने जाते हैं। उनकी एक दिन की कीमत 10 लाख बताई जाती है।  लेकिन रिया ने तो अपने बॉलीवुड करियर में कुछ खास किया ही नहीं, फिर उसके पास इतना पैसा कहां से आ रहा है कि वे इतने महंगे वकील को हायर कर सकीं? खैर, रिया की अंतरिम जमानत के लिए शिंदे एक्टिव हो चुके ते और मंगलवार को ही कागजी कार्यवाही कर दी थी।

मामले का पॉलीटिकल एंगल

बिहार में चुनाव होने हैं और सुशांत का मामला बिहार वर्सेज मुंबई बन गया है। भाजपा की नजर बिहार के वोटबैंक पर है और इस मामले में अगर बिहारियों का दिल जीत लिया जाता है तो वे वोट बनकर भाजपा की मदद कर सकते हैं। लिहाजा बीजेपी नेता सुब्रहमण्यम स्वामी और ईशकरण सिंह भंडारी भी इस केस में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। पश्चिम बंगाल से रूपा गांगुली ने भी केस की सीबीआई जांच की मांग उठाई है।

बहरहाल, सुशांत को जाना था, सुशांत चले गए। अपने पीछे वे कई पेचीदा सवाल छोड़ गए। उनकी मौत के बहाने अटकलें लगाई जा रही हैं। दबी हुई तहें उघाड़ी जा रही हैं, आरोप-प्रत्यारोप इल्जाम लगाए जा रहे हैं, कई तरह के समीकरणों को खंगाला जा रहा है लेकिन सच क्या है, यह सुशांत के साथ ही चला गया। उस सत्य को सतह पर लाना अब पुलिस और न्याय व्यवस्था का काम है।

रिपोर्ट –आशीष मिश्रा