फोकस भारत/लखनऊ। उत्तरप्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ ही सीएम आदित्यनाथ योगी ने एंटी रोमियो स्क्वॉड के गठन के आदेश जारी किए। इसके बाद देश भर में एंटी रोमियो स्क्वॉड को लेकर चर्चा है। खित्ते में अब ये एंटी रोमियो स्क्वॉड एक्शन में नजर आ रही है। गर्ल्स स्कूल और कॉलेजों के बाहर ये मनचलों पर कार्रवाई करती हुई नजर आ रही है।
पुलिस के मुताबिक इसका मकसद किसी को परेशान करना नहीं है। ये लड़कियों से हो रही छेड़छाड़ से निपटेगी। पुलिस ये भी बता रही है कि एक ऐसा ऑर्डर भी जारी किया जा रहा है जिसमें ये साफ किया जाएगा कि किस परिस्थिति में क्या करना है।
जानकारी के मुताबिक एंटी रोमियो स्क्वॉड पुलिस का ऐसा दस्ता है जो यूपी में महिलाओं औैर लड़कियों के साथ होने वाली छेड़छाड़ को रोकने के लिए गठित किया गया है। इसमें किसी को जल़ील नहीं किया जाएगा । पहली बार में ऐसे लड़कों को समझाया जाएगा और इसके बाद वे नहीं माने तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे करेगी काम –
सबसे पहले एंटी रोमियो स्क्वॉड की शुरूआत लखनऊ जोन से की गई है और धीरे-धीरे इसे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा। करीब 500 पुलिस अधिकारी इस ऑपरेशन पर कड़ी नजर रखेंगे। आईजी सतीश गणेश को राज्य में इसका मुखिया बनाया गया है। शुरूआती चरण में जोन के प्रत्येक शहर में एक थाने को सिर्फ इसी काम में लगाया गया है। और सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
थानाधिकारी की होगी जिम्मेदारी –
सभी थानों के थानाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। हालांकि इसमें ज्यादातर महिला पुलिसकर्मी ही होंगी। और जगह -जगह उनको सादा वर्दी में तैनात किया जाएगा। जिलास्तर पर टिम इंस्पेक्टर रैंक के पुलिसअधिकारी के निर्देश में कार्रवाई करेगी।मामला गंभीर होने पर गुंडा एक्ट में कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। ये स्क्वॉड स्कूलों, कॉलेजों और पार्कों के आसपास निगरानी रखेगी और तुरंत कार्रवाई करेगी।
मदद के लिए हेल्पलाइन –
सहायता के लिए महिलाएं या लड़किया 1090 पर नंबर पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती है। वहीं इस पर पुलिस 100 नंबर की तरह ही तुंरत कार्रवाई करेगी। साथ ही जल्द ही पुलिस इसके लिए एक नया हेल्प लाइन नंबर भी शुरू कर सकती है।