राजस्थान में चुनाव से पहले BJP में बदलेंगे कई चेहरे, चुनावी कमेटियों में शामिल चेहरों से तय होगा सियासी नरेटिव

Rajasthan Assembly Election 2023-  राजस्थान भाजपा में प्रदेशाध्यक्ष बदलने के बाद संगठन में कई और बदलाव होने की संभावना है। राजनैतिक विश्लेषक कहते है कि टॉप लेवल से लेकर जिला और ब्लॉक लेवल तक आगे बदलाव होने की संभावना है। चुनावी साल होने के कारण इन बदलावों को जल्द अंतिम रूप दिया जा सकता है।  दरअसल नए प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति को बदलावों की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। आगे अब प्रदेश प्रभारी और संगठन महासचिव को भी बदला जा सकता है। प्रदेशाध्यक्ष के बदलने के बाद अब संगठन की टीम भी नए सिरे से बनेगी। चुनावी साल में बीजेपी उसी टीम को लेकर मैदान में उतरेगी। इसमें सभी गुटों को साधने की कोशिश हो सकती है। आम तौर पर हर अध्यक्ष संगठन में अपनी टीम बनाता है। सीपी जोशी के आने के बाद प्रदेश कार्यकारिणी से लेकर जिलों तक कुछ बदलाव जरूर होंगे। प्रदेशाध्यक्ष अपने हिसाब से संगठन की टीम तैयार करेंगे। 8 महीने बाद विधानसभा चुनाव और फिर उनके पांच महीने बाद ही लोकसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में संगठन के स्तर पर होने वाली नियुक्तियों का काम जल्द होने के आसार हैं।

लिहाजा नए प्रदेशाध्यक्ष पर अब चुनावी तैयारियों को जमीन पर उतारने का भी टास्क होगा। इस बार बीजेपी माइक्रो बूथ मैनेजमेंट के मॉडल पर काम कर रही है। आने वाले दिनों में चुनावी कमेटियां बननी हैं। चुनावी कमेटियों में कैंपेन कमेटी सबसे अहम हैं, उसमें शामिल चेहरों से आने वाले दिनों का सियासी नरेटिव तय हो जाएगा। चुनावी कमेटियों में शामिल चेहरों पर केंद्रीय नेतृत्व फैसला करेगा लेकिन इनमें जो भी चेहरे शामिल होंगे उनसे भावी लीडरशिप की दिशा पर संकेत भी मिल जाएगा।

 

 

 

 

 

rajasthan bjp president cp joshi rajasthan assembly election 2023