प्रतापगढ़ शहर में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया और पूर्व यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी(srichand kriplani )के नेतृत्व में जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को संबोधित करने के दौरान श्रीचंद कृपलानी की जुबान फिसल गई। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि जहां-जहां राहुल गांधी के पैर पड़े हैं, वहां-वहां कांग्रेस की सरकार नहीं आई है लेकिन इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ‘जहां-जहां पांव पड़े संतों के वहां-वहां बंटाधार’ हुआ है। जिसके बाद सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेताओं ने वसुंधरा सरकार में मंत्री रह चुके श्रीचंद कृपलानी को घेरना शुरू कर दिया। संतों के खिलाफ टिप्पणी करने पर कृपलानी ट्रोल हो रहे हैं। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता उनसे माफी की मांग कर रहे हैं।