फोकस भारत। राजस्थान के सवाई माधोपुर में शनिवार को एक बस नदी में गिरने से उसमें सवार 32 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में महिलाएं, बच्चे व पुरुष शामिल हैं। हादसे में 8 लोग घायल हुए हैं। बस लालसोट-कोटा मेगा हाईवे पर ट्रोले को ओवरटेक करने के प्रयास में पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गई। बस करीब 100 फीट की ऊंचाई से गिरी।
दरअसल शनिवार सुबह करीब सात बजे सवाई माधोपुर से एक प्राइवेट बस लालसोट के लिए रवाना हुई थी। जानकारी के मुताबिक इस बस को चलाने वाला 16 साल का एक लड़का था, जो बस में कंडक्टर था। ड्राइवर ने बस उस लड़के को चलाने के लिए दे दी थी। बनास नदी पर जैसे ही उस लड़के ने एक गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश की, बस का बैलेंस बिगड़ गया और वो नदी में गिर गई। इस हादसे में मरने वालों में बस ड्राइवर के साथ ही वो 16 साल का ड्राइवर भी था। मसलन एक लापरवाई ने कई घर उजाड दिए और कई जिंदगियों को हमेशा के लिए खो दिया।