फोकस भारत। बिहार में अपराधी बेखौफ हैं। ताजा घटना राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र के भतेहरी गांव का है। जहां सोने की चेन नहीं देने पर एक किन्नर को बदमाश दरोगा राय ने गोली मार दी। गोली लगने से किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए दानापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया किन्नर शांति की हालत गंभीर है। जानकारी के मुताबिक भतेरही गांव निवासी दरोगा राय चइता समारोह के नाम पर किन्नर शांति को अपने घर ले गया था। शांति के साथ दो और किन्नर प्रियंका और मोना भी उसके साथ गई। मोना किन्नर ने बताया कि मैं और प्रियंका एक रूम में मेकअप कर रही थी। इसी बीच दरोगा राय अपने आंगन में शांति को लेकर चला गया। शांति ने सोने की चेन पहन रखी थी, जिसे दरोगा राय जबरदस्ती छीनना चाह रहा था। मोना ने आगे बताया कि जब शांति ने इसका विरोध किया तो दरोगा राय ने उसे गोली मार दी। शांति किन्नर रूपसपुर थाना क्षेत्र के सबरी नगर इलाके के रहने वाली है। किन्नरों ने पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।