CBI ने महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ दर्ज की FIR, 100 करोड़ की वसूली का आरोप

फोकस भारत। महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ कथित सौ करोड़ रुपए की वसूली वाले आरोप  मामले में सीबीआई  ने एफआईआर  दर्ज कर ली है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने देर रात मुंबई, नागपुर समेत महाराष्ट्र के 12 ठिकानों पर छापेमारी भी की है। जानकारी के मुताबिक मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह ने अनिल देशमुख पर वसूली के आरोप लगाकर हाई कोर्ट से सीबीआई जांच की मांग की थी। परमबीर सिंह की शिकायत के बाद बॉम्बे हाई कोर्ट ने सीबीआई को जांच सौंप दी गई थी। अदालत ने जांच एजेंसी को यह तय करने के लिए 15 दिन का समय दिया था कि भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया जा सकता है या नहीं। इसी पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।

 

देशमुख पर परमबीर ने ये आरोप लगाया था
मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने 25 मार्च को बॉम्बे हाईकोर्ट में दायर अर्जी में देशमुख के खिलाफ CBI जांच की मांग की थी। परमबीर सिंह ने दावा किया था कि देशमुख ने सस्पेंड पुलिस अधिकारी सचिन वझे समेत दूसरे अधिकारियों को बार और रेस्टोरेंट से 100 करोड़ रुपए की वसूली करने को कहा था। इस अर्जी पर हाईकोर्ट ने कहा था कि यह असाधारण मामला है, जिसमें स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की जरूरत है।