राजमाता ने मुझे सिखाया था, देशहित सर्वोपरि : वसुंधरा राजे

  • भाजपा विधायक दल की बैठक 
  • वसुंधरा राजे ने किया संबोधित 
  • केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर रहे शामिल 

फोकस भारत। राजस्थान में ‘भरत मिलाप’ चल रहा है। अशोक गहलोत से रूठे सचिन पायलट तमाम बागी विधायकों के साथ लौट आए हैं। वहीं भाजपा कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित किया।

अपने संबोधन में राजे ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि डेढ़ साल में गहलोत सरकार ने जनता के काम नहीं किये। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गहलोत सरकार ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की अहम योजनाओं के नाम बदलने का ही काम किया। इसके अलावा राजे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामों की जमकर सराहना की। उन्होंने राममंदिर शिलान्यास के लिए देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने मीडिया को भी आड़े हाथों लिया और मीडिया में चल रही उन तमाम खबरों का खंडन किया जिसमें कहा गया था कि वसुंधरा राजे पार्टी में गुटबाजी कर रही हैं या फिर गहलोत सरकार को बचाने का काम कर रही हैं। वसुंधरा राजे ने कहा कि राजमाता ने मुझे सिखाया ता कि वह जिस पार्टी से जुड़ी हुई हैं, वह देश हित को सर्वोपरि मानती है। हालांकि बैठक के बाद वसुंधरा राजे ने मीडिया के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया।

भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर शामिल रहे। इसके अलावा प्रदेश संगठन के सभी पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री ने बैठक के बाद कहा कि बीजेपी में सब ठीक चल रहा है। बीजेपी की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

 

रिपोर्ट –आशीष मिश्रा