प्रियंका गांधी ने दिल्ली की कमान संभालने के बाद दिया बड़ा संकेत

फोकस भारत।  दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए आम आदमी पार्टी के साथ भारतीय जनता पार्टी भी जोर-शोर से जुट गई है। ऐसे में अब प्रियंका गांधी ने अब दिल्ली की कमान संभाल ली है। उन्होंने न केवल पार्टी की मोटी-मोटी रणनीति तय कर ली है बल्कि प्रदेश कांग्रेस को यह प्रस्ताव भी दे दिया है कि जहां उनकी जरूरत हो, उन्हें बुलाया जा सकता है। हरियाणा में पार्टी के प्रदर्शन से उत्साहित प्रियंका वाड्रा का कहना है कि अगर बेहतर ढंग से चुनाव लड़ा गया तो दिल्ली में सरकार कांग्रेस की ही बनेगी।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार की शाम प्रियंका वाड्रा ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) के वार रूम में दिल्ली के सभी जिला अध्यक्षों और सभी फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों के साथ पहली बार लंबी बैठक की। बैठक में वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, एआइसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी पीसी चाको, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष कीर्ति आजाद भी मौजूद रहे। पौने दो घंटे चली इस बैठक में प्रियंका ने दिल्ली के सभी नेता और पदाधिकारियों से कहा कि जनसंपर्क और सोशल मीडिया के जरिये पार्टी के कार्यो को घर- घर तक पहुंचाने का अभियान शुरू कीजिए। उन्होंने कहा कि इस वक्त प्रदूषण शहर का सबसे बड़ा मुद्दा है, इसको भी भुनाइए। जनता के बीच जाइए, धरने-प्रदर्शन कीजिए और मास्क भी बांटिए।

 

Leave a Reply